Uber Ola Cab Pricing: अगर आप ओला या उबर से कैब बुक करते हैं, तो आपके डिवाइस के हिसाब से किराया अलग हो सकता है। यानी, iPhone और Android पर एक ही रूट के लिए किराए में अंतर हो सकता है। इस मुद्दे पर केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने ओला और उबर को नोटिस जारी किया है।
क्यों भेजा गया नोटिस? (Uber Ola Cab Pricing)
उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सोशल मीडिया पर बताया कि इस मामले को लेकर शिकायतें मिली थीं। आरोप था कि कुछ फोन मॉडल पर किराया ज्यादा दिखाया जाता है, जबकि दूसरे पर कम। CCPA ने अब दोनों कंपनियों से किराया तय करने की प्रक्रिया और अलग-अलग किराया वसूलने की वजह साफ करने को कहा है।

कैसे सामने आया मामला?
दिसंबर में यह मुद्दा तब चर्चा में आया, जब एक यूजर ने सोशल मीडिया पर दो फोन के स्क्रीनशॉट शेयर किए। इनमें उबर ऐप पर एक ही रूट के लिए अलग-अलग किराए दिखाए गए थे। जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुआ, उबर ने सफाई दी कि किराए में अंतर का कारण पिकअप लोकेशन, अनुमानित आगमन समय (ETA) और ड्रॉप-ऑफ पॉइंट जैसे फैक्टर हो सकते हैं।
ऐप कैसे तय करते हैं किराया?
हमने खुद iPhone और Android डिवाइस पर भोपाल के एमपी नगर से राजा भोज एयरपोर्ट तक का किराया चेक किया।
- Android पर किराया ₹310-₹301 दिखा।
- iPhone पर वही रूट ₹322-₹368 के बीच दिखा।
दूसरी बार चेक करने पर Android पर किराया ज्यादा दिखा। यानी, यह अंतर हर जगह बदल सकता है।
नियमित ग्राहकों से ज्यादा किराया क्यों?
विशेषज्ञों का कहना है कि यह अंतर यूजर के व्यवहार पर आधारित हो सकता है। अगर आप नियमित ग्राहक हैं, तो ऐप आपकी आदतों को ट्रैक करता है और आपको ज्यादा भुगतान करना पड़ सकता है, चाहे आपका डिवाइस कोई भी हो।
अब देखना यह है कि CCPA की जांच के बाद ओला और उबर इस मामले में क्या सफाई देते हैं।