रायपुर: राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आज भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन में 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के भाग लेने की संभावना है। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शुरू होगा, जिसमें महापौर और रायपुर के 70 पार्षदों के पक्ष में रणनीति बनाई जाएगी और भाजपा की जीत के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा जाएगा।
धान खरीदी का आज अंतिम दिन (CG News)
रायपुर: छत्तीसगढ़ में खरीफ वर्ष 2024-25 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का आज अंतिम दिन है। राज्य सरकार ने इस वर्ष 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा था, जबकि अब तक किसान 146 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान बेच चुके हैं। प्रदेशभर में 2739 उपार्जन केंद्र बनाए गए थे, जहां 25 लाख 21 हजार से अधिक किसानों ने अपना धान बेचा।
छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गर्मी, 33 डिग्री पहुंचा पारा
रायपुर: छत्तीसगढ़ में अब गर्मी बढ़ने लगी है। गुरुवार को राजधानी रायपुर समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्मी से लोग परेशान रहे। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक वृद्धि हो सकती है, जिससे गर्मी बढ़ेगी। प्रदेश में उत्तर से ठंडी हवा का सिलसिला थम चुका है और वातावरण में शुष्कता बढ़ने लगी है। मौसम साफ रहने के कारण दिन और रात के तापमान में वृद्धि हो रही है। रायपुर में दिन का तापमान 33 डिग्री तक पहुंच चुका है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त से मिलेंगे कांग्रेसी (CG News)
रायपुर: धमतरी में महापौर प्रत्याशी का नामांकन रद्द किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेसी आज राज्य निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात करेंगे। भाजपा ने कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी विजय गोलछा को निगम का ठेकेदार बताते हुए आपत्ति जताई थी, जिसके बाद रिटर्निंग अधिकारी ने उनका नामांकन निरस्त कर दिया। इस मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने न्यायालय जाने की बात भी कही है।
स्वामी इंदुभवानंद का होगा स्वागत, निकलेगी शोभायात्रा
रायपुर: दंडी स्वामी इंदुभवानंद तीर्थ महाराज का प्रयागराज महाकुंभ में दंड सन्यास दीक्षा लेने के बाद आज रायपुर आगमन होगा। शंकराचार्य आश्रम बोरियाकला के आचार्य धर्मेंद्र महाराज ने बताया कि स्वामी इंदुभवानंद के प्रथम छत्तीसगढ़ आगमन पर भव्य स्वागत, वंदन और शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा दोपहर 2 बजे कमल विहार चौक डुमरतराई से शुरू होगी।