Nagari Nikay Chunav 2025: रायपुर: नगरीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने घोषणा पत्र जारी कर दिए हैं। भाजपा ने इसे अटल संकल्प पत्र नाम दिया है, वहीं कांग्रेस ने इसे जन घोषणा पत्र कहा है। भाजपा ने जनता से सुझाव लेकर 20 प्रमुख बिंदुओं पर घोषणा पत्र तैयार किया, जबकि कांग्रेस ने 36 बिंदुओं में जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अपना घोषणा पत्र पेश किया। इनमें कई घोषणाएं एक जैसी हैं, जबकि कुछ वादे 2019 के चुनावी घोषणा पत्र से रिपीट किए गए हैं। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा का घोषणा पत्र ‘कॉपी-पेस्ट’ है, जबकि भाजपा ने कांग्रेस के वादों को ‘जमीन-आसमान’ के अंतर के रूप में पेश किया है। आइए जानते हैं कौन से वादे दोनों दलों के घोषणा पत्र में समान हैं और कौन से वादे अधूरे रह गए हैं।
कांग्रेस और बीजेपी के घोषणा पत्र में समानता (Nagari Nikay Chunav 2025)
- श्रद्धांजलि योजना के तहत मिलने वाली राशि को 4 हजार से बढ़ाकर 5 हजार करना।
- महिलाओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का वादा।
- जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण और विवाह प्रमाण पत्र का घर तक पहुंच सेवा।
- यूज़र चार्ज को युक्तियुक्त बनाने का वादा।
- भाजपा ने प्रमुख निकायों में जबकि कांग्रेस ने हर निकाय में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क लाइब्रेरी बनाने का प्रस्ताव दिया है।
- शहरी सार्वजनिक स्थानों में महिलाओं के लिए टॉयलेट्स का निर्माण।
- विवाह और शोक कार्यक्रमों में मुफ्त पानी टैंकर की सुविधा।
- शासकीय भूमि पर काबिज भूमिहीन व्यक्तियों को भूमि अधिग्रहण का अधिकार।
- विश्वविद्यालय और स्कूलों में मुफ्त सैनिटरी नैपकिन्स का वितरण।
- स्वसहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार प्रदान करने का वादा।
- सार्वजनिक स्थानों पर मुफ्त Wi-Fi सुविधा।
- नियमित भुगतान पर संपत्ति कर में छूट।
कांग्रेस ने पूरे नहीं किए 2019 के ये वादे (Nagari Nikay Chunav 2025)
कांग्रेस ने 2019 में चुनावी घोषणा पत्र में कुछ बड़े वादे किए थे, जिनमें तालाबों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण, घाटों और तालाबों में महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाने, इंदिरा गांधी हरित अभियान, राजीव गांधी ज्ञानोदय केंद्र योजना के तहत ऑनलाइन रीडिंग और लायब्रेरी की सुविधा देने, महात्मा गांधी सम्मान पुरस्कारों जैसे नगर भूषण अवॉर्ड, नगर शिक्षक अवॉर्ड, नगर खिलाड़ी अवॉर्ड देने की घोषणा की थी। लेकिन यह सभी वादे अब तक अधूरे हैं और इनमें से कोई भी धरातल पर नजर नहीं आया।
बीजेपी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को ‘कॉपी-पेस्ट’ बताया
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को बीजेपी के ‘अटल संकल्प पत्र’ का ‘कॉपी-पेस्ट’ बताया है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पिछले नगरीय निकाय चुनावों में किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया, और अब वही वादे फिर से पेश किए जा रहे हैं।
बीजेपी और कांग्रेस के घोषणा पत्र में ‘जमीन-आसमान’ का अंतर: दीपक बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि बीजेपी और कांग्रेस के घोषणा पत्र में जमीन आसमान का अंतर है। उन्होंने कहा, “हमारा घोषणा पत्र सीधा, स्पष्ट और जनता के लिए है, जबकि बीजेपी का घोषणा पत्र जनता को भ्रमित करने, ठगने और भटकाने के लिए है।”