Nagari Nikay Chunav: बीजेपी ने कांग्रेस पर लगाया भ्रष्टाचार के 15 गंभीर आरोप, कांग्रेस ने किया पलटवार…

Nagari Nikay Chunav: रायपुर। राजधानी रायपुर के एकात्म परिसर में आज बीजेपी ने नगर निगम चुनाव के लिए आरोप पत्र जारी किया। बीजेपी के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने इस आरोप पत्र में कांग्रेस के पूर्व नगर निगम सरकार की 15 प्रमुख खामियों का खुलासा किया। इसमें कई परियोजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया गया है। वहीं, कांग्रेस ने बीजेपी के आरोप पत्र को चुनावी प्रोपेगेंडा करार दिया है।

कांग्रेस पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप

आरोप पत्र जारी करते हुए संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में ही भ्रष्टाचार है और रायपुर नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ कांग्रेस नेता जेल में हैं तो कुछ बेल पर बाहर हैं। श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के विधायक पर्दे के पीछे कह रहे थे कि उन्हें बड़ा नुकसान हो रहा है।

15 बिंदुओं में गिनाई खामियां (Nagari Nikay Chunav)

बीजेपी ने आरोप पत्र में कांग्रेस के शासन के दौरान 15 बिंदुओं पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है, जिनमें प्रमुख बिंदु निम्नलिखित हैं:

  1. कांग्रेस के 15 साल के शासन में रायपुर नगर निगम में भ्रष्टाचार और लूट के सारे रिकॉर्ड टूट गए।
  2. कोरोना महामारी के दौरान भी कांग्रेस ने भ्रष्टाचार किया, जैसे अस्थाई कोविड केयर सामग्रियों के लिए 80 लाख रुपये का किराया, जबकि अगर इन्हें खरीदा जाता तो कम खर्च होता।
  3. तालाबों के सौंदर्यीकरण में भी कांग्रेस के महापौरों ने भ्रष्टाचार किया। बूढ़ा तालाब का ₹5 करोड़ का म्यूजिकल फाउंटेन 100 दिन में ही बंद हो गया।
  4. तेलीबांधा से वीआईपी रोड तक का सौंदर्यीकरण बिना टेंडर के पूरा कर दिया गया, जिसे जनता ने ‘वॉल ऑफ करप्शन’ नाम दिया।
  5. होर्डिंग्स के मामले में 27 करोड़ का घोटाला हुआ, जिसे ‘यूनिपोल घोटाला’ कहा गया।
  6. नरैया तालाब के सौंदर्यीकरण में फर्जीवाड़ा और टेंडर घोटाला सामने आया।
  7. 10 इलेक्ट्रॉनिक बसों की खरीदी के लिए 22 करोड़ रुपये आवंटित किए गए, लेकिन एक भी बस नहीं आई।
  8. दो साल से बंद पड़ी कंपनियों को बिना जांच और एनओसी के ठेके दिए गए।
  9. शहर में पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था की अव्यवस्था, प्रदूषण की समस्याएं भी बढ़ीं।
  10. साफ-सफाई न होने से मलेरिया और पीलिया जैसी बीमारियां फैलने लगीं।
  11. व्यावसायिक क्षेत्रों में महिलाओं को टॉयलेट की कमी का सामना करना पड़ा।
  12. कांग्रेस ने जनता से अधिक कर की वसूली की।
  13. संप्रदाय विशेष को संरक्षण देने के कारण अपराधों की घटनाएं बढ़ी।
  14. महापौर के रिश्तेदारों का आतंक था, जो आम नागरिकों और पुलिस तक पर चलता था।
  15. मतांतरण की घटनाएं बढ़ीं, और निगम और राज्य सरकार का इसमें समर्थन था।

कोरोना महामारी में लाखों का घोटाला (Nagari Nikay Chunav)

संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान कांग्रेस ने लगभग 80 लाख रुपये का भ्रष्टाचार किया, जबकि इस समय सभी को सेवा कार्यों में जुटना चाहिए था। कांग्रेस ने इस दौरान अनियमितताएं कीं।

पूर्व महापौर पर निशाना

उन्होंने पूर्व महापौर एजाज ढेबर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने भतीजे का मामला, मतांतरण और तिरंगा जलाने की घटनाओं को लेकर जनता को निराश किया।

कांग्रेस का पलटवार (Nagari Nikay Chunav)

कांग्रेस ने बीजेपी के आरोप पत्र को चुनावी प्रोपेगेंडा करार दिया। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि बीजेपी की सरकार पिछले एक साल से राज्य में है, और आरोप पत्र लाना हास्यास्पद है। शुक्ला ने सवाल किया कि क्या बीजेपी सरकार ने कांग्रेस के महापौर या नगर पालिका के खिलाफ कोई जांच की है? उन्होंने दावा किया कि बीजेपी का आरोप पत्र एक प्रोपेगेंडा है, और 11 फरवरी को होने वाले मतदान में जनता बीजेपी के खिलाफ वोट करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related