Gangster Aman Sahu: झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू महज 17 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में कदम रख चुका था। उसने नक्सलियों के संपर्क में आकर हथियारों की सप्लाई शुरू की और धीरे-धीरे खुद की गैंग बना ली। सिर्फ तीन साल में उसने झारखंड और पड़ोसी राज्यों में ऐसा खौफ फैला दिया कि बड़े कारोबारी और ठेकेदार भी उससे कांपने लगे।
नक्सलियों के लिए किया काम, फिर बना खुद का गैंग
अमन साहू का जन्म झारखंड के रांची जिले के छोटे से गांव मतबे में हुआ था। उसने किशोरावस्था में ही अपराध की दुनिया में कदम रखा। शुरुआत में वह नक्सलियों के लिए हथियारों की सप्लाई करता था और उनके शहरी नेटवर्क को संभालता था। 2012 में पहली बार उसने नक्सलियों की ओर से बंदूक चलाई और एक हार्डकोर नक्सली बन गया।
2013 में, उसने अपने कुछ साथियों मयंक सिंह, सुनील मीणा और सुजीत सिंह के साथ मिलकर नक्सलियों से अलग होकर अपनी गैंग बना ली। इसके बाद उन्होंने बड़े-बड़े बिल्डरों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूलना शुरू कर दिया। पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते मयंक सिंह मलेशिया, सुनील मीणा सिंगापुर और सुजीत सिंह पुर्तगाल भाग गए, लेकिन वहां से भी वे गैंग को ऑपरेट कर रहे हैं।
3 साल में 10 बार गया जेल
अमन साहू पर पुलिस ने लगातार शिकंजा कसने की कोशिश की, लेकिन वह हर बार बच निकलता रहा। पिछले तीन वर्षों में उसे 10 बार जेल भेजा गया, लेकिन हर बार वह अपने गिरोह के नेटवर्क के जरिए बाहर आ जाता था।
तारीख | जेल का स्थान |
---|---|
29 अक्टूबर 2021 | रांची से पाकुड़ जेल |
13 अप्रैल 2022 | गिरिडीह जेल |
23 जुलाई 2022 | मंडल कारा सिमडेगा |
17 सितंबर 2022 | पलामू जेल |
24 नवंबर 2022 | दुमका जेल |
19 अगस्त 2023 | चाईबासा जेल |
11 अक्टूबर 2023 | फिर पलामू जेल |
20 जून 2024 | फिर से गिरिडीह जेल |
21 जुलाई 2024 | गिरिडीह जेल से चाईबासा जेल |
13 अक्टूबर 2024 | चाईबासा जेल से रायपुर जेल |
अमन साहू का आपराधिक रिकॉर्ड
अमन साहू के खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग और धमकी देने जैसे कई संगीन अपराध दर्ज हैं।
- 7 मार्च 2025: रांची में कोयला कारोबारी विपिन मिश्रा को गोली मारी।
- 6 अप्रैल 2024: बर्बरीक कंपनी को झारखंड छोड़ने की धमकी दी।
- 21 मार्च 2024: रांची के एक जमीन कारोबारी से 5 करोड़ की रंगदारी मांगी।
- 1 दिसंबर 2023: रामगढ़ के कुजू में ट्रांसपोर्ट कार्यालय के बाहर फायरिंग।
- 7 जुलाई 2023: रांची के अरगोड़ा में कोयला कारोबारी रंजीत गुप्ता को गोली मारी।
- 9 जुलाई 2023: लातेहार में ट्रांसपोर्टर अमित सिंह से रंगदारी मांगी।
- 9 मई 2023: हजारीबाग में ऋत्विक कंपनी के शरत कुमार की गोली मारकर हत्या।
- 27 मार्च 2023: देवघर में हरदेव कंस्ट्रक्शन के कार्यालय में फायरिंग।
- 18 फरवरी 2023: शिवपुर रेल लाइन निर्माण में लगी साईं कृपा कंपनी के साइट पर गोलीबारी।
पुलिस के लिए सिरदर्द बना अमन साहू
अमन साहू का गैंग झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में सक्रिय है। पुलिस उसके खिलाफ कई बार ऑपरेशन चला चुकी है, लेकिन वह हर बार बच निकलता है। कई बार गिरफ्तारी के बावजूद, उसके नेटवर्क और राजनीतिक संबंधों के कारण वह जल्द ही बाहर आ जाता है।
झारखंड पुलिस और एनआईए उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही हैं और उसे पकड़ने के लिए एक बड़ा अभियान चलाने की तैयारी में हैं। देखना होगा कि कानून कब इस कुख्यात गैंगस्टर पर पूरी तरह शिकंजा कस पाता है।