रायपुर। राजधानी में गर्मी के साथ बढ़ती जल समस्या के समाधान के लिए रायपुर नगर निगम ने एक अनूठा कदम उठाने की तैयारी की है। गुरुवार को निगम आयुक्त विश्वदीप ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSEB) को पत्र लिखते हुए अनुरोध किया है कि नलों के खुलने के समय – सुबह 6:15 से 6:45 और शाम 6:15 से 6:45 – प्रभावित क्षेत्रों में आधे घंटे के लिए बिजली आपूर्ति बंद की जाए।
यह निर्णय इस बात को ध्यान में रखकर लिया गया है कि गर्मियों में जलापूर्ति के समय बड़ी संख्या में लोग टुल्लू पंप का इस्तेमाल करते हैं, जिससे पाइपलाइन के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पाता। इससे रोजाना नगर निगम को जल संकट की शिकायतें मिल रही हैं।

पानी की समान आपूर्ति के लिए बिजली कटौती का प्रस्ताव
निगम का मानना है कि यदि जल वितरण के समय बिजली सप्लाई बंद कर दी जाए, तो टुल्लू पंप बंद रहेंगे और पानी सभी इलाकों तक समान रूप से पहुंचेगा। यह व्यवस्था 1 मई से 15 जून तक लागू करने का प्रस्ताव है, जिससे गर्मियों के चरम समय में जलसंकट से राहत मिल सके।
किन क्षेत्रों में लागू होगी बिजली कटौती
इस प्रस्ताव के तहत रायपुर के कई प्रमुख वार्डों और मोहल्लों को चिह्नित किया गया है, जिनमें मोचीपारा, सूर्यानगर, डबरापारा, विजय नगर, गंगानगर, गुढ़ियारी, संतोषी नगर, मठपुरैना, टिकरापारा, आम बगीचा, दुर्गा नगर, सिविल लाइन, ब्रम्हदेव नगर, कापा बस्ती, यादव कॉलोनी, शहीद वार्ड, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड सहित 60 से अधिक वार्ड और कॉलोनियां शामिल हैं।
जनहित में उठाया गया कदम
निगम आयुक्त का कहना है कि यह कदम किसी को असुविधा पहुँचाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि सभी को समान जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील की है ताकि गर्मी में पानी की कमी से कोई भी परिवार प्रभावित न हो।
स्थानीय जनता की प्रतिक्रिया
हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर कुछ मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां कुछ लोग इस कदम को जरूरी और स्वागतयोग्य बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग बिजली कटौती से दैनिक जीवन में आने वाली दिक्कतों को लेकर चिंता जता रहे हैं।
नगर निगम का कहना है कि इस निर्णय को लागू करने से पहले बिजली विभाग और जनप्रतिनिधियों से व्यापक चर्चा की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो और शहरवासियों को बेहतर जल आपूर्ति मिल सके।
- साय कैबिनेट के बड़े फैसले, 15 नवंबर से धान खरीदी… 200 यूनिट तक हाफ बिजली बिल जारी
- CM हेल्पलाइन की शिकायतों में लापरवाही: PWD के 13 अधिकारियों को नोटिस, जवाब देने के लिए मिला 15 दिन का समय
- Smriti Irani Chhattisgarh Visit: मिशन 2028 की तैयारी में जुटी भाजपा, विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया- दो दिन रायपुर में रहेंगी प्रभारी; सांसद-विधायक के अलावा पदाधिकारियों से साथ होगी बैठक
- Chhattisgarh School Holidays: छत्तीसगढ़ में स्कूलों की दिवाली छुट्टियां बढ़ीं, अब इतने दिन बंद रहेंगे स्कूल …
- ऑनलाइन सट्टा के मास्टरमाइंड Babu Khemani पर कोर्ट शिकंजा, 1.42 करोड़ की संपत्ति को लेकर दिए यह आदेश …


